रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के तेजतर्रार और जमीनी छवि वाले IAS अधिकारी डॉ. रवि मित्तल को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। 2016 बैच के इस अधिकारी को प्रतिनियुक्ति पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में उप सचिव (Deputy Secretary) के पद पर नियुक्त किया गया है, जिसे प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम माना जाता है।
डॉ. रवि मित्तल का सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की, लेकिन डॉक्टरी के पेशे को छोड़कर देश सेवा के लिए सिविल सेवा का रास्ता चुना। अपनी कार्यशैली, निर्णय क्षमता और जमीनी समझ के कारण वे प्रशासनिक महकमे में अलग पहचान रखते हैं।

मैदानी अनुभव की बात करें तो वे जशपुर जिले के कलेक्टर के रूप में अपनी प्रभावी कार्यशैली के लिए जाने जाते रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने महासमुंद, रायगढ़ और रायपुर में जिला पंचायत के सीईओ के रूप में भी जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2018 में वे बगीचा एसडीएम के पद पर भी पदस्थ रहे, जहां उन्होंने कई जनहितकारी कार्यों को गति दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। यह जिम्मेदारी न केवल उनके प्रशासनिक अनुभव और क्षमता की पहचान है, बल्कि राज्य के युवा अधिकारियों के लिए भी एक प्रेरणा बनकर सामने आई है।
