सीतापुर/अनिल उपाध्याय। लंबे अरसे बाद एक बार फिर से नेशनल हाईवे क्र-43 में डीजल चोर गिरोह सक्रिय हो गया है।जो सड़क किनारे खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी कर ट्रक वालों को मोटी चपत लगा रहे है।इन डीजल चोर गिरोह के विरुद्ध पूर्व में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।लेकिन इनके विरुद्ध कोई कार्यवाही नहीं होने से इनके हौसले बुलंद है।जिसकी वजह से नेशनल हाईवे में खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी का मामला बढ़ता जा रहा है।
विदित हो कि लंबे अरसे बाद नेशनल हाईवे क्र-43 में डीजल चोर गिरोह एक बार फिर से सक्रिय हो गया है।इस गिरोह में ज्यादातर स्थानीय युवा है जो सड़क किनारे खड़ी ट्रकों से डीजल पार कर उसे औने पौने दामों पर लोकल वाहनों में खपाते है।इनके विरुद्ध पूर्व में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।लेकिन पुलिसकर्मियों की कृपादृष्टि से इन पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।ऐसा ही एक मामला देर रात प्रकाश में आया।जब देर रात ढाबा के सामने खड़ी ट्रेलर क्र CG 15E C1701 से चोरों ने 3 सौ लीटर डीजल पार कर दिया।उक्त ट्रेलर रायगढ़ से लोहा लेकर यूपी के मिर्जापुर जा रहा था।रात होने की वजह से ट्रेलर का चालक नेशनल हाईवे क्र-43 में ग्राम बालमपुर में यादव ढाबा के पास ट्रेलर खड़ी कर आराम कर रहा था।इसी दौरान डीजल चोर गिरोह वहाँ आया और टंकी का ताला तोड़कर 3 सौ लीटर डीजल पार कर दिया।इस बात की जानकारी मिलते ही ट्रेलर के मालिक अंबिकापुर निवासी क्षितिज साहू ने थाने में डीजल चोरी की सूचना दर्ज करा दी।इसके अलावा वो अपने स्तर पर स्थानीय सूत्रों के माध्यम से डीजल चोर गिरोह के बारे में जानकारी जुटा रहे थे।सूत्रों के माध्यम से जब उन्हें पता चला कि डीजल चोर स्थानीय है।तब वहां मालिक ने अपने लोगों को ग्राहक बनाकर डीजल चोर गिरोह के सदस्य के पास डीजल लेने भेजा।इस सम्बंध में वाहन मालिक द्वारा अवगत कराने के बाद थाना प्रभारी ने एक प्रधान आरक्षक और आरक्षक भेजने की बात कही।इससे पहले की प्रधान आरक्षक और आरक्षक वहाँ पहुँचते उससे पहले डीजल चोर गिरोह के सदस्य तक खबर पहुँच गई कि पुलिस आ रही है।यह खबर मिलते ही डीजल चोर गिरोह का सदस्य मौके से चोरी का डीजल लेकर फरार हो गया।इस बारे में जब वाहन मालिक ने प्रधान आरक्षक से संपर्क साधा तब वो कार्यवाही के नाम पर बहाना बनाते नजर आये।प्रधान आरक्षक का ये रवैया देख ट्रेलर मालिक ने मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अगर समय पर पहुँच जाती तो डीजल चोर को रंगे हाथों पकड़ा जा सकता था।उन्होंने इस संबंध में पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।पुलिस ने डीजल चोरी के मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 303(2)के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि देर रात ट्रेलर वाहन से हुई डीजल चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है।अभी तक डीजल चोरी करने वालों का सुराग हाथ नही लगा है।पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
