कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूपातराई में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के तालाब में एक बुजुर्ग का शव तैरता हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बन गया। मृतक की पहचान 65 वर्षीय बुद्धू राम मैत्री के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुद्धू राम मैत्री रोज की तरह सुबह घर से दातून करने और टहलने के लिए निकले थे। परिजनों ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह की दिनचर्या पूरी कर थोड़ी देर में वापस लौट आते थे, लेकिन बुधवार को काफी समय बीत जाने के बावजूद वह घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई और आसपास उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान ग्रामीणों की नजर गांव के तालाब में तैरते शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर शव की पहचान बुद्धू राम मैत्री के रूप में हुई। यह दृश्य देखकर गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना उरगा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उरगा पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
