
दुर्ग। डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने संकेत दिए हैं कि छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होने वाला है। मंगलवार को भिलाई दौरे पर पहुंचे शर्मा ने बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने न केवल प्रदेश की कानून व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन को लेकर सरकार की रणनीति साझा की, बल्कि कांग्रेस शासनकाल पर भी तीखे प्रहार किए।
विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में माओवादियों के खिलाफ अंतिम लड़ाई लड़ी जा रही है। उनकी सरकार माओवादियों के शहरी नेटवर्क और वित्तीय सहयोग के स्रोतों को तोड़ने पर फोकस कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “नक्सली हिंसा को पूरी तरह समाप्त कर दम लेंगे और तय समयसीमा में इस समस्या का अंत करेंगे।”
कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए शर्मा ने आरोप लगाया कि उस समय पुलिस व्यवस्था को कमजोर किया गया, जिसके कारण कानून व्यवस्था बिगड़ी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के आने के बाद से कानून का राज स्थापित हुआ है और पुलिस विभाग साइबर क्राइम से लेकर नक्सल हिंसा तक, हर मोर्चे पर मजबूती से काम कर रहा है।
फर्जी मतदाता विवाद पर भी उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। बिहार में बड़ी संख्या में फर्जी मतदाताओं को वोटर लिस्ट से हटाए जाने की कार्रवाई को सही ठहराते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस चाहती है कि फर्जी वोटरों के नाम सूची में बने रहें।
मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का पद लोकसभा चुनाव के बाद से खाली है, जिसे फिलहाल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय देख रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में कुरुद के विधायक अजय चंद्राकर का नाम इस पद के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि विस्तार कब होगा और शिक्षा मंत्री की कुर्सी किसके हिस्से आएगी।