रायपुर. छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच आपसी सहयोग को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास में सौजन्य मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर उपमुख्यमंत्री शुक्ल का आत्मीय स्वागत किया.
इसे भी पढ़ें –
मैनपाट में आसमान से गिरी आफत, 20 मिनट की ओलावृष्टि ने ओढ़ाई सफेद चादर, फसलें तबाह; तीन दिन का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बादल, बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय विकास, आपसी समन्वय और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. साथ ही छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई गई. उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रायपुर-रीवा हवाई सेवा शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे दोनों राज्यों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि यह सेवा दोनों राज्यों के लोगों के लिए सुविधाजनक यात्रा का नया विकल्प साबित होगी.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: रींवा-रायपुर हवाई सेवा से बढ़ेगी रफ्तार, डिप्टी सीएम बोले- दिलों की दूरी भी होगी कम
उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी दोनों राज्यों के साझा हितों को आगे बढ़ाने की बात कही. उल्लेखनीय है कि रायपुर और रीवा के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच संपर्क और अधिक सुलभ हो गया है, जिससे व्यापार, पर्यटन और आवागमन को गति मिलने की उम्मीद है.
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे.
