
अम्बिकापुर। नेशनल हेराल्ड प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा अम्बिकापुर स्थित भाजपा कार्यालय के घेराव का प्रयास पूरी तरह विफल हो गया। प्रशासन की सतर्कता और भाजपा कार्यकर्ताओं के संयम के चलते कांग्रेस का यह कदम राजनीतिक प्रदर्शन तक ही सीमित रह गया। घेराव में असफलता के बाद कांग्रेस की हताशा सड़कों पर साफ नजर आई।
इसके पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शहर के घड़ी चौक पहुंचे, जहां कांग्रेस की कथित भ्रष्ट, वंशवादी और अराजक राजनीति के विरोध में सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से जुड़ा गंभीर भ्रष्टाचार का प्रकरण है। जब भी कानून अपना काम करता है, कांग्रेस सड़कों पर उतरकर दबाव बनाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है। जांच एजेंसियों पर आरोप लगाना और पीड़ित होने का दिखावा करना कांग्रेस की पुरानी रणनीति रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय के घेराव का प्रयास यह दर्शाता है कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान नहीं करती। कानून के सामने जवाब देने के बजाय वह अराजकता फैलाकर मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। श्री सिसोदिया ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी कानून के शासन में विश्वास करती है और देश की स्वतंत्र जांच एजेंसियां किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि तथ्यों और सबूतों के आधार पर कार्य करती हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अब जनता कांग्रेस की “विक्टिम कार्ड” की राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका करारा जवाब मिलेगा। भाजपा सरगुजा ने दो टूक कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रकार की अराजक राजनीति को सफल नहीं होने देगी।
इस अवसर पर महामंत्री अरुणा सिंह, उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला, विकास पांडे, निश्चल प्रताप सिंह, रुपेश दुबे, जनेमेजय मिश्रा, अजय सिंह बबलू, सचिन अग्रवाल, शुभांगी बिहाड़े, विकास वर्मा, मयंक जायसवाल, रवि जायसवाल, संजीव वर्मा, निरंजन रॉय, अजय सोनी, अभिषेक सिंहदेव, प्रिया सिंह, आशा शुक्ला, नीलम राजवाड़े, निशांत सिंह सोलू, अनीश सिंह, अभिमन्यु श्रीवास्तव, छोटू थॉमस, गौतम विश्वकर्मा, वीर सोनी, संजीव सेठ, आतिश सिंह, मनोज प्रसाद, सरिता मिश्रा, प्रियंका चौबे, अर्चना सिंह, रश्मि जायसवाल, पूनम सिंह, सरिता जायसवाल, शालिनी सिंह, बबली नेताम, अनुराग शुक्ला, दिव्यांशु केशरी, समीर श्रीवास्तव, अमरजीत सिंह छाबड़ा, अमित सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।




