सीएम विष्णुदेव.. मंत्रियों के साथ अयोध्या में करेंगे श्री रामलला के दर्शन… माता शबरी की धरती के बेर समेत ये खास चीजें करेंगे भेंट

रायपुर। अयोध्या और भगवान राम की ननिहाल छत्तीसगढ़ का अटूट नाता रहा है। अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके कैबिनेट के सहयोगी श्री रामलला के दर्शन करने शनिवार को अयोध्या धाम जाएंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर माता शबरी की पवित्र धरती शिवरीनारायण से बेर फल की टोकरी भी उपहार स्वरूप रामलला को भेंट करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ का विष्णुभोग चावल, कोसा वस्त्र, कारी लड्डू, अनरसा और सीताफल सहित अन्य सामग्री भी रामलला को भेंट करेंगे।

Random Image

मान्यताओं के अनुसार प्रभु श्रीराम ने शिवरीनारायण में ही माता शबरी के जूठे बेर खाये थे। यह ननिहाल से अपने भांचा राम को भेंट होगी। गौरतलब है कि प्रभु श्रीराम का छत्तीसगढ़ के जनजातीय लोगों से गहरा स्नेह था। माता शबरी के जूठे बेर की कहानी रामायण की सबसे मर्मस्पर्शी कहानियों में से एक है।

मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट के साथ प्रभु श्रीराम के दर्शन करेंगे और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना करेंगे। अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन के लिए प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या धाम श्रीरामलला दर्शन योजना भी संचालित की गई है। जिससे हजारों श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके हैं। योजना के शुभारंभ के समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि शीघ्र ही वे कैबिनेट के साथ अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने जाएंगे। और अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ पूरी कैबिनेट शनिवार को अयोध्या पहुंच कर रामलला के दर्शन करेगी।