जगदलपुर. छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित प्रसिद्ध गुलमी वाटरफॉल में महाशिवरात्रि के अवसर पर घूमने गया सीआईएसएफ का जवान पानी में डूब गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. नगरनार स्थित एनएमडीसी प्लांट में सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ 28 वर्षीय आकाश चौधरी रविवार को वाटरफॉल में नहाने के दौरान लापता हो गया. घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया, वहीं एनडीआरएफ की टीम भी तलाश अभियान में जुट गई है. हालांकि, रविवार दोपहर से शुरू हुई तलाश के बावजूद सोमवार तक जवान का कोई पता नहीं चल पाया.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh News: 21 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर दी जान, कान में लगा था हेडफोन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नगरनार एनएमडीसी में पदस्थ सीआईएसएफ के पांच जवान महाशिवरात्रि के दिन गुलमी वाटरफॉल घूमने गए थे. वहां भोजन करने के बाद जवान आकाश चौधरी नहाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन कुछ ही देर में वह गहराई में चला गया और डूब गया. जब वह साथियों को दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने आवाज लगाकर खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद साथियों ने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद मामला कोटपाड़ थाना पुलिस तक पहुंचा.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh News: इकलौते बेटे की मौत ने तोड़ दिया हौसला, सदमे में माता-पिता ने भी दे दी जान
कोटपाड़ थाना प्रभारी ए. मोहन खाखा ने बताया कि रविवार दोपहर से ही गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जवान के साथ गए अन्य जवानों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह घटना केवल दुर्घटना है या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही शामिल रही है.
