
अम्बिकापुर। नए साल के जश्न से पहले ही छत्तीसगढ़ में ठंड ने अपना तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। दिसंबर की शुरुआत से ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह-शाम घना कोहरा छाया रह रहा है, वहीं शीतलहर के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ठंड बढ़ने से लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन ठंडी हवाओं और शीतलहर का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। विभाग ने रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इससे सुबह के समय दृश्यता कम होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
तापमान के लिहाज से सरगुजा संभाग का अम्बिकापुर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान करीब 26.9 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में भी शीतलहर का असर देखा गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचाव करने की जरूरत बताई गई है। पेंड्रा रोड और अम्बिकापुर जैसे क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा जनजीवन के साथ-साथ यातायात को भी प्रभावित कर सकता है। ऐसे में नए साल की शुरुआत ठिठुरन भरी ठंड के बीच होने के आसार हैं।
इसे भी पढ़ें –
अम्बिकापुर में डॉक्टर दंपति के अवैध मकान पर आज चलेगा बुलडोजर, एक्शन मोड़ पर निगम प्रशासन




