कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक हाइवा वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी मोड़ के आगे शराब दुकान के पास हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.
मृतक की पहचान सुमेधा सलिहाभांठा निवासी 35 वर्षीय रामेश्वर दास के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जहां देखते ही देखते माहौल गम और गुस्से में बदल गया.
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और लापरवाह चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. साथ ही मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज हो गया. चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई. पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
