अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर (मैनपाट) थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वासराई जंगल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के करंट ने एक युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान मिश्रा यादव के रूप में हुई है, जो मैनपाट की ओर जा रहा था।
इसी दौरान जंगल के रास्ते में फैले करंट वाले तार की चपेट में आते ही उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह करंट जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाया गया था, लेकिन अब यह इंसानों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है।
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसी करंट की चपेट में आकर एक जंगली जानवर की भी मौत हो चुकी है, जिससे साफ है कि जंगल में अवैध शिकार के लिए खतरनाक जाल बिछाया गया था। प्रारंभिक जानकारी में हाई वोल्टेज करंट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस घटना ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, आखिर जंगल में इस तरह खुलेआम बिजली का जाल कौन बिछा रहा है और क्या प्रशासन व वन विभाग को इसकी भनक नहीं थी? घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
