कवर्धा. जिले में बेमौसम बारिश और तेज गरज-चमक ने एक अधेड़ की जान ले ली. शुक्रवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान नेन सिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के हर्राटोल, थाना मोतीनाला क्षेत्र का निवासी था.
घटना कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के मिरमिटी गांव की है. नेन सिंह धुर्वे गुजरात से आए भेड़ व्यापारियों के साथ मजदूरी करता था और रोज की तरह अपने साथियों के साथ भेड़-बकरियां चराने गया हुआ था. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ आकाश में बिजली कड़कने लगी.
बारिश से बचने के लिए वह पास ही एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया, लेकिन यही फैसला उसकी जिंदगी का आखिरी साबित हुआ. तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी और उसकी चपेट में आने से नेन सिंह गंभीर रूप से झुलस गया. घटना इतनी भयावह थी कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथियों में अफरा-तफरी मच गई। बारिश थमने के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया. शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
