धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में इन दिनों सार्वजनिक वितरण प्रणाली पूरी तरह प्रभावित हो गई है। खाद्य विभाग के नेटवर्किंग सिस्टम में चल रहे मेंटेनेंस कार्य के कारण शासकीय उचित मूल्य दुकानों में पिछले चार दिनों से राशन वितरण बंद है। इससे हजारों राशनकार्डधारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर वे लोग जो अभी तक मार्च माह का राशन नहीं ले पाए थे।
जानकारी के अनुसार, पूरे प्रदेश में 21 मार्च से 25 मार्च तक सर्वर में तकनीकी सुधार का काम जारी है, जिसके चलते वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि 25 मार्च के बाद सर्वर चालू होते ही राशन वितरण फिर से शुरू कर दिया जाएगा। जिले में कुल 6 लाख 29 हजार 782 कार्डधारी हैं, जिनमें अंत्योदय, निराश्रित, प्राथमिकता, निःशक्तजन और एपीएल श्रेणी के शहरी व ग्रामीण उपभोक्ता शामिल हैं।
खाद्य विभाग के मुताबिक, हर साल मार्च के अंत में नेटवर्क सिस्टम का मेंटेनेंस किया जाता है। यह सर्वर हैदराबाद से संचालित होता है, जहां से पूरे प्रदेश की राशन व्यवस्था नियंत्रित होती है। तकनीकी कारणों से इस दौरान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखी जाती हैं।
खाद्य अधिकारी निलेश चंद्राकर ने बताया कि मेंटेनेंस कार्य पूरा होते ही वितरण व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी। साथ ही अप्रैल माह में तीन महीने का एकमुश्त राशन देने की तैयारी भी की जा रही है, जिसके लिए भंडारण संबंधी निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। फिलहाल सर्वर डाउन होने से जरूरतमंदों को इंतजार करना पड़ रहा है।
