जांजगीर-चांपा. जिले के नवागढ़ ब्लॉक में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूली बच्चों से भरी एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि वैन तीन बार लुढ़कती हुई जा गिरी, जिससे करीब 10 बच्चे और एक शिक्षिका घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
इसे भी पढ़ें –
रायपुर-रीवा हवाई सेवा पर बढ़ा सहयोग, सीएम साय से उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की सौजन्य मुलाकात
मैनपाट में आसमान से गिरी आफत, 20 मिनट की ओलावृष्टि ने ओढ़ाई सफेद चादर, फसलें तबाह; तीन दिन का अलर्ट
जानकारी के मुताबिक, सरस्वती शिशु मंदिर की वैन (क्रमांक CG 11 BM 9940) बुधवार सुबह मुड़पार से बच्चों को लेकर ग्राम कुथुर जा रही थी. इसी दौरान रामनगर-कुथुर मार्ग पर पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने वैन को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही चालक संतुलन खो बैठा और वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटती चली गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
इसे भी पढ़ें –
छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बादल, बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया. हादसे में शिक्षिका का कंधा टूटने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य बच्चों को हल्की से गंभीर चोटें आई हैं.
पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. फिलहाल सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
