Chhattisgarh Politics: टीएस सिंहदेव को कांग्रेस का चेहरा बनाने की तैयारी? चरणदास महंत का बड़ा बयान, “सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ेंगे चुनाव, जीत होगी पक्की”

Chhattisgarh Politics: अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. चरणदास महंत ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस अगला चुनाव टीएस सिंहदेव की अगुवाई में लड़ती है, तो निश्चित रूप से जीत हमारी होगी। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछली बार कांग्रेस एकजुट नहीं थी, इसी कारण हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इस बार सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।

टीएस सिंहदेव को लेकर महंत का समर्थन

दरअसल, अम्बिकापुर में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे डॉ. चरणदास महंत ने आमसभा को संबोधित किया। घड़ी चौक पर आयोजित इस सभा में उन्होंने साफ संकेत दिए कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ेगी।

जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या अगली बार “बाबा” (टीएस सिंहदेव) मुख्यमंत्री बनेंगे? तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा- “सब लोग साथ मिलकर काम करेंगे और महाराज साहब की अगुवाई में चुनाव लड़ेंगे, तो निश्चित रूप से सरकार बनाएंगे।”

कांग्रेस की रणनीति और सिंहदेव की भूमिका

डॉ. चरणदास महंत का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि टीएस सिंहदेव लंबे समय से कांग्रेस की सरकार में अहम भूमिका निभाते आए हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में घोषणा पत्र तैयार करने से लेकर पार्टी की रणनीति बनाने तक, उनकी भूमिका प्रमुख रही थी।

हालांकि, जब कांग्रेस ने 2018 में छत्तीसगढ़ में सरकार बनाई, तब यह माना जा रहा था कि टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री बनेंगे। लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया।

बाद में “ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री फॉर्मूले” की चर्चा हुई, लेकिन सिंहदेव को मौका नहीं मिला। इसके बाद कांग्रेस को 2023 के विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा।

2018 जैसी रणनीति फिर दोहराएगी कांग्रेस?

अब एक बार फिर कांग्रेस नेता उसी तरह की बातें कर रहे हैं, जैसी 2018 के चुनाव से पहले की जा रही थीं। क्या इस बार कांग्रेस की रणनीति बदलकर आएगी? क्या टीएस सिंहदेव को मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर पार्टी चुनाव लड़ेगी?

यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस का नेतृत्व किस ओर जाता है और क्या सच में पार्टी इस बार एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरती है या नहीं।