कोरबा. जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. झरना मोड़ के पास रात करीब 12 बजे दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह चकनाचूर हो गईं. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन सड़क पर दूर तक घिसटते नजर आए. हालांकि दोनों वाहनों के एयरबैग खुल जाने से कुछ यात्रियों की जान बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
इसे भी पढ़ें –
Train Cancel: छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 9 पैसेंजर ट्रेनें रद्द, दो एक्सप्रेस भी रहेंगी प्रभावित
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए. तुरंत मोरगा चौकी पुलिस और डायल 112 को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया. एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
पुलिस के अनुसार आल्टो 100 कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं दूसरी कार में तीन लोग सवार थे, जो हादसे में घायल हुए हैं. सभी घायल और मृतक कोरबी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh News: दो बाइकों की आमने-सामने ज़ोरदार टक्कर, पति-पत्नी समेत तीन की मौत
Chhattisgarh News: खाते में तीन लाख का ‘फर्जी कर्ज’, फिर विवादों के घेरे में सहकारी बैंक
मृतकों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि शुक्रवार सुबह कानूनी कार्रवाई पूरी कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
