
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात ब्लास्ट फर्नेस नंबर 8 का डस्ट क्रिएचर फटने से प्लांट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के स्टोर और अन्य हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी भीषण थीं कि कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही संयंत्र परिसर में हड़कंप मच गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए बीएसपी की चार से पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी भी रातों-रात घटनास्थल पर पहुंचे। फायर टीम ने लगातार कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस भीषण आगजनी में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना में बड़ी संख्या में केबल जल गए और प्लांट के आसपास की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। प्राथमिक जांच में डस्ट क्रिएचर का वॉल्व खुलने को आगजनी का कारण माना जा रहा है।
भिलाई स्टील प्लांट में हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है।