
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर न्यायालय में पेश किया गया।
मामला 7 अगस्त 2025 का है, जब प्रार्थी काम से बाहर गया था और शाम को लौटने पर उसने देखा कि उसकी नाबालिग बेटी घर से लापता है। आसपास और रिश्तेदारों में तलाश करने पर भी लड़की का कोई पता नहीं चला। प्रार्थी ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 193/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की।
पुलिस की सतत खोजबीन के बाद आरोपी रितेश सारथी (22), निवासी अंधला, थाना लखनपुर, के कब्जे से पीड़िता को बरामद किया गया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज बयान में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया। इस आधार पर प्रकरण में धारा 64(2)(ड) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 6 जोड़ी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक निर्मला कश्यप, सिदयुस लकड़ा, प्रधान आरक्षक फलेन्द्र सिंह, आरक्षक जगेश्वर बघेल, राकेश एक्का, राज जायसवाल और पैमासी सिंह की सक्रिय भूमिका रही।