अम्बिकापुर. सरगुजा जिले के अम्बिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग एनएच-130 पर तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जजगा के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
घटना के समय सड़क पर अचेत पड़े युवकों को देख पूर्व कांग्रेसी पार्षद सतीश बारी ने मानवीय पहल करते हुए तत्काल मदद पहुंचाई. रायपुर से लौट रहे सतीश बारी ने बिना देरी किए निजी एम्बुलेंस की व्यवस्था कर दोनों घायलों को अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है.
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रक की तलाश की जा रही है.
