Chhattisgarh: मामूली विवाद पर हत्या कर दफना दी लाश, एक महीने बाद हत्यारा पति गिरफ्तार

सीतापुर/अनिल उपाध्याय। मामूली विवाद पर पति ने पत्नी की हत्या कर लाश खेत की मेड़ में दफना दी। पत्नी की हत्या को उलझाने की नीयत से पति ने उसके कपड़े बैग में डालकर तालाब में फेंक दिए। मछली पकड़ने के दौरान ग्रामीणों को तालाब किनारे कपड़ो से भरा मिला। जिसके बाद हत्या का मामला सुलझता चला गया। एक माह बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।   

Random Image

उक्त मामला ग्राम ढोंढागाँव का है। जहाँ एक माह पूर्व पति ने मामूली विवाद पर पत्नी की बेदम पिटाई कर दी थी। जिसके बाद पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी। यह विवाद 14 जून को घटना की रात पति पत्नी के बीच सोने को लेकर हुआ था। उस रात बिहानी पैंकरा घर के आंगन में खाट पर सोई हुई थी। जिसे उसका पति संजीत पैंकरा (32 वर्ष) ने अंदर कमरे में जाकर सोने को कहा। पत्नी ने पति की बात नही मानी और अंदर कमरे में सोने से मना कर दिया। इसी बात पर दोनों पति पत्नी के बीच विवाद गहराता चला गया। जिसके बाद आवेश में आकर पति ने पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उसने लात मुक्के से अपनी पत्नी को इस कदर पीटा कि उसकी जान चली गई।

मारपीट के दौरान युवक की बड़ी माँ ने मना भी किया था पर युवक नही माना। इस दौरान उनका बड़ा बेटा घर पर मौजूद था पर पिता के डर से उसने बीच बचाव नही किया। वही घटना के दिन युवक के चाचा वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने घर से बाहर गए हुए थे। विवाद के दौरान गुस्से में आकर पत्नी की हत्या के बाद युवक काफी डर गया था। इस घटना के बाद पत्नी का शव कंधे पर उठाये युवक अपने खेत के पास पहुँचा गया। जहाँ उसने खेत के मेड़ की खुदाई कर लाश दफना दी। वहाँ से घर आने के बाद पत्नी का कपड़ा बैग में डालकर घर से दूर तालाब में फेंक दिया। इसके बाद युवक ने घरवालों के बीच घर से बिना बताए पत्नी के भाग जाने की झूठी खबर फैला दी। इस बीच युवक अपने ऊपर से शंका दूर करने पत्नी को खोजने का नाटक भी करता रहा। पर वह इस बात को भूल गया था कि गुनाहगार कितना भी चालाक क्यों न हो। वह अपने गुनाह का कोई न कोई सबूत छोड़ ही देता है। यही उस युवक के साथ भी हुआ।

तालाब में मछली पकड़ने के दौरान ग्रामीणों के हाथ कपड़ो से भरा वो बैग लग गया। जिसे युवक ने लोगो को गुमराह करने के लिए तालाब में फेंक दिया था। बैग खोलते ही उसमे रखे कपड़ो को घरवालों ने पहचान लिया। वो सारे कपड़े घर से फरार बताई जा रही बिहानी पैंकरा के थे। बैग में कपड़ा देख किसी अनहोनी की आशंका से घरवालों ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी। जिसके बाद पुलिस शंका के आधार पर पति को थाने लाकर पूछताछ करने लगी। कड़ाई से पूछताछ के दौरान पति ने पुलिस के समक्ष सारा राज उगल दिया। उसने पत्नी की हत्या कर शव दफनाने की घटना कबूल कर ली। इसके साथ ही एक माह पूर्व हुए हत्या की गुत्थी सुलझ गई। हत्या की गुत्थी सुलझते ही पुलिस आरोपी पति को लेकर लाश दफन किये गए जगह पर पहुँची। जहाँ एसडीओपी राजेंद्र मंडावी, तहसीलदार सीतापुर एवं फोरेंसिक एक्सपर्ट बृजेश नागवंशी की मौजूदगी में कब्र खोदकर महिला का शव निकाला गया। जिसे औपचारिक प्रक्रिया के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

इस संबंध में एसडीओपी राजेंद्र मंडावी ने बताया कि पुलिस ने पत्नी की हत्या के जुर्म में पति के विरुद्ध धारा 103(1)एवं 238 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। वही महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस डीएनए टेस्ट कराएगी। इसके लिए अस्थियों को प्रिजर्व कर लिया गया है। जिसे डीएनए टेस्ट के लिए लैब में भेजा जाएगा।