बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. घर में रखे फ्रिज में अचानक हुए जोरदार धमाके के बाद मकान में भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई. धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह इलाके की है. जानकारी के अनुसार रविवार देर रात एक मकान में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घर में रखे फ्रिज में ब्लास्ट होने के कारण आग भड़की और देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के समय घर के अंदर मौजूद 57 वर्षीय जया अग्रवाल आग में बुरी तरह झुलस गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेली थीं, जिसके कारण समय रहते बाहर नहीं निकल सकीं.
रात में तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की लपटें उठ रही हैं. स्थानीय लोगों ने तत्काल बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इसके बाद घर के अंदर तलाशी लेने पर जया अग्रवाल का शव बुरी तरह झुलसी हालत में मिला. पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भिजवा दिया है.
स्थानीय पार्षद दिलीप पाटिल के अनुसार जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे अपने मुंहबोले भाई के साथ रहती थीं. घटना के समय वह घर में अकेली थीं, जिससे आग लगने के बाद उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया.
बताया जा रहा है कि महिला के मुंहबोले भाई की कुछ दिन पहले ही बीमारी के कारण मौत हो गई थी. पहले उनका इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में चल रहा था, बाद में परिजन बेहतर उपचार के लिए उन्हें बेंगलुरु ले गए थे, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. परिवार पहले से ही शोक में डूबा था, इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया.
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने सोमवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया. घर की तलाशी के दौरान महिला का शव मिला है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
