धमतरी। जिले में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में चल रही किल्लत के बीच कालाबाजारी के मामले भी सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक केटरिंग संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और मौके से 23 व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य संदिग्ध कारोबारियों में भी दहशत का माहौल है।
यह कार्रवाई 24 मार्च को धमतरी नगर निगम क्षेत्र में खाद्य विभाग की औचक जांच के दौरान की गई। टीम ने सहायक खाद्य अधिकारी भेलेन्द्र कुमार ध्रुव, निलेश चन्द्राकर और खाद्य निरीक्षक वैभव कोरटिया के नेतृत्व में विभिन्न होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसी दौरान शांति कॉलोनी स्थित मालिक केटर्स में गंभीर अनियमितता सामने आई।
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार प्रतिष्ठान के पास 40 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का अधिकृत कनेक्शन दर्ज था, लेकिन मौके पर जांच के दौरान केवल 23 खाली सिलेंडर ही पाए गए। शेष 17 सिलेंडरों का कोई संतोषजनक हिसाब संचालक महेश कुमार रंगलानी नहीं दे सके। इसी आधार पर प्रशासन ने कालाबाजारी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की और सभी 23 इंडेन व्यावसायिक सिलेंडर जब्त कर लिए।
खाद्य विभाग ने बताया कि जिले में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 34 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जा चुकी है और कुल 73 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल, कैटरिंग और अन्य प्रतिष्ठानों पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
स्थानीय स्तर पर गैस सिलेंडरों की उपलब्धता प्रभावित होने का फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध रूप से महंगे दामों पर सिलेंडर बेचने में लगे हुए हैं। प्रशासन ने ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
