कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र के ढपढप में चल रहे पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य हनुमंत कथा दरबार में आस्था के बीच अपराधियों ने भीड़ का फायदा उठाकर बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। दरबार में शामिल होने आई एक महिला चेन स्नेचिंग का शिकार हो गई, जहां उसके गले से करीब डेढ़ तोले का सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया गया। बताया जा रहा है कि चोरी हुए मंगलसूत्र की कीमत लगभग 2 लाख रुपये के आसपास है।
हैरानी की बात यह है कि यह घटना लगातार दूसरे दिन सामने आई है। इससे पहले कलश यात्रा के दौरान भी इसी तरह की स्नेचिंग की वारदात हो चुकी है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। भीड़भाड़ वाले इस धार्मिक आयोजन में सुरक्षा के लिए 64 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कैमरे भी इन घटनाओं को रोक पाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
लगातार हो रही स्नेचिंग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सक्रिय चोरों ने साफ कर दिया है कि वे मौके का फायदा उठाने से नहीं चूक रहे, जिससे आयोजन स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खुलती नजर आ रही है।
