कांकेर। जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम जवाहर खेड़ेगांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पिता की डांट से आहत एक 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी कमलेश नरेटी की बेटी खेमिन नरेटी को गुरुवार सुबह किसी बात को लेकर उसके पिता ने डांट दिया था। इसके बाद पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर चले गए। घर में मां महुआ बीनने के लिए निकल गई और छोटा भाई मोहल्ले में खेलने चला गया। इसी दौरान युवती ने अकेलेपन में अपनी चुन्नी का फंदा बनाकर घर के अंदर ही आत्महत्या कर ली।
कुछ समय बाद जब उसकी मां घर लौटी, तो बेटी को आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाकर देखा तो वह फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देख मां के होश उड़ गए और उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से युवती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। परिजन सदमे में हैं और यही कह रहे हैं कि एक छोटी सी बात पर बेटी ने इतना बड़ा कदम उठा लिया, जिसकी भरपाई अब कभी नहीं हो सकती।
