कोरबा. जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया. उरगा थाना क्षेत्र के तरदा भारतमाला मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में सवार तीनों युवक रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और काम के सिलसिले में रायपुर से कोरबा आ रहे थे. तरदा के पास अचानक सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी गाड़ी टकरा गई. हादसे के बाद वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए, जिन्हें बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम तत्काल मौके पर पहुंची. घायलों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा. कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया.
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का निवासी था. वहीं घायलों में 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव (रायपुर) और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू (सेमरा, धमतरी) शामिल हैं.
बताया जा रहा है कि तीनों युवक कंपनी के काम से दो डंपर वाहनों को रायपुर से कोरबा शिफ्ट करने जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं.
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल पूरे इलाके में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल है.
