बलरामपुर. जिले में एक बड़ा सड़क हादसा उस वक्त हो गया जब तेज रफ्तार से जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही पलों में ट्रेलर में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ट्रेलर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और प्रशासन को दी.
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, हाईवे पेट्रोलिंग और यातायात विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर डूमरखी गांव के पास की है, जहां कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल आग पर काबू पाने और स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
