
अम्बिकापुर। शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, रिखी (उदयपुर) का पहला सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। विद्यालय के पहले बैच ने 98% सफलता दर के साथ शानदार प्रदर्शन किया, वहीं छात्राओं ने 100% रिजल्ट के साथ परचम लहराया।
कुल 48 विद्यार्थियों (26 छात्राएं व 22 छात्र) ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 47 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। केवल एक छात्र विज्ञान विषय में कंपार्टमेंट में आया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत, बल्कि शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय प्रशासन के सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय के टॉप-5 विद्यार्थी (सर्वश्रेष्ठ पाँच विषयों के अंकों के आधार पर):-
1. समीक्षा सिंह – 81%
2. प्रतिमा पावले – 76.4%
3. दिव्यांशु सिंह – 75.4%
4. सोनी सिंह – 74.8%
5. अनुष्का सिंह – 74.4%
शिक्षकों की मेहनत रंग लाई
विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाले शिक्षकों की सूची भी प्रशंसा की पात्र है। कुलदीप शुक्ला, नवनीत परमार, नारद प्रजापति, दीक्षा कौंडल, सीता सैनी, बरनाली दास, ईशा पाण्डे एवं ईशा साहू जैसे शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में सतत जुटे रहे। उनकी मेहनत का ही प्रतिफल है कि विद्यालय को पहले ही प्रयास में ऐसा उत्कृष्ट परिणाम मिला।
प्रशासन का मजबूत समर्थन
विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार एवं प्रशासन ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई। उल्लेखनीय है कि नेस्ट्स द्वारा आयोजित अखिल भारतीय परीक्षा के पश्चात शिक्षकों की नियुक्ति जून माह में हुई थी और तभी से पूरे समर्पण के साथ तैयारी शुरू कर दी गई थी।
अभिभावकों में खुशी की लहर
बेटियों की शत-प्रतिशत सफलता और विद्यालय की कुल उपलब्धि ने अभिभावकों को गर्व से भर दिया है। चारों ओर से विद्यालय प्रशासन को शुभकामनाएं और आशीर्वाद मिल रहे हैं।
आगामी सत्र को लेकर आशान्वित
विद्यालय प्रशासन अब सत्र 2025-26 के लिए और भी बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य लेकर चल रहा है। इस ऐतिहासिक सफलता के लिए समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।