अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने शराब के नशे में अपने ही बेटे पर धनुष-तीर से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम खरखीरी में पहाड़ी कोरवा जनजाति से संबंध रखने वाले एक व्यक्ति ने नशे की हालत में अपने पुत्र पर तीर चला दिया। तीर सीधे युवक के पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अम्बिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बीच यह घटना हुई, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी पिता के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
