जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में हुए एक खौफनाक दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है. अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी और फरार हो गए. घटना के बाद महिला के गले से सोने का हार गायब मिला है, जिससे वारदात के पीछे लूट की आशंका और मजबूत हो गई है.
मृतकों की पहचान संतराम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू (62 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों घर में अकेले रहते थे, जबकि उनके बेटे अलग-अलग स्थानों पर निवास करते हैं. यह वारदात 31 मार्च की देर रात की बताई जा रही है.
घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब उनका बड़ा बेटा हरिशंकर साहू खेत में दवाई छिड़काव के लिए पिता के घर पहुंचा. घर का दरवाजा खुला देखकर उसे अनहोनी की आशंका हुई. अंदर पहुंचते ही उसने पिता का शव जमीन पर और मां का शव खाट पर खून से लथपथ देखा. यह भयावह मंजर देख उसने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर घर में घुसकर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए. घटनास्थल से खून से सने पैरों के निशान मिले हैं, जिससे एक से अधिक आरोपितों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस को मौके से होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद हुए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि आरोपित पहचान छिपाने के लिए भेष बदलकर आए थे. बताया जा रहा है कि हमलावर घर के पास लगे पेड़ के सहारे अंदर घुसे थे.
सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है. पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया. फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है और हर एंगल से मामले की गहन जांच की जा रही है.
