Chhattisgarh: संदिग्ध हालत में मिली प्रेमी जोड़े की लाश, एक ही पेड़ पर दोनों लटके मिले, अर्धनग्न थी युवती

सीतापुर/अनिल उपाध्याय। ढोढ़ी में नहाने गए दो प्रेमी जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश पाई गई। दोनों प्रेमी जोड़े ने ढोढ़ी के समीप पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। फांसी लगाने के दौरान युवती अर्धनग्न हालत में थी। इस घटना के बाद गांव पहुँचे मृतिका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगा जमकर हंगामा मचाया। परिजनों के हंगामा के कारण मृतकों का दाह संस्कार नही हो पा रहा था। पुलिस के आश्वासन एवं ग्रामीणों की समझाइश के बाद मृतिका के परिजन माने। तब जाकर दोनों मृतको का अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
     
जानकारी के अनुसार ग्राम गेरसा ढोढ़ीडीपा निवासी 35 वर्षीय जयभान चौहान अपनी 26 वर्षीय प्रेमिका मंजू चौहान संग ढोढ़ी में नहाने गया था। जहाँ दोनों ने अज्ञात कारणों से पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पेड़ पर फांसी लगाने के दौरान युवती अर्धनग्न अवस्था में थी। इस घटना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भिजवाया। जहाँ पोस्टमार्टम के बाद दोनों का शव प्रेमी युवक के परिजनों को सौंप दिया गया था। जिसके बाद परिजन दोनों के अंतिम संस्कार की तैयारी में लगे हुए थे। इसी बीच घटना की खबर पाकर मृतिका के परिजन भी गांव पहुँच गए। जहां उन्होंने परिजनों पर हत्या का आरोप लगा जमकर हंगामा मचाया। परिजनों द्वारा हंगामा मचाने की वजह से दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार नही हो पाया था। वही गाँव मे हंगामा मचाने के बाद मृतिका के परिजन ग्राम केरजू स्थित पुलिस चौकी जा पहुँचे।जहाँ परिजन हत्या की आशंका जताते हुए मृतकों का दुबारा पोस्टमार्टम एवं जाँच की मांग करने लगे। जिसके बाद पुलिस उनको लेकर गांव पहुँची। जहाँ पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा आगे की कार्यवाही का आश्वासन दिया गया। वही ग्रामीणों ने भी मृतिका के परिजनों को काफी समझाया। जिसके बाद नाराज परिजनों का गुस्सा शांत हुआ। तब जाकर दोनों पक्षों के सहमति से मृतकों के अंतिम संस्कार किया गया।

शादीशुदा एवं बाल बच्चेदार थे दोनों मृतक, प्रेम प्रसंग में पड़कर परिवार से अलग रहते थे दोनों

फांसी लगाकर जान देने वाले दोनों प्रेमी प्रेमिका शादीशुदा थे। मृतक जयभान की शादी मैनपाट विकासखंड के ग्राम पेंट मे हुई थी। जिससे उसके दो बच्चे एक नौ साल का बेटा एवं 5 साल की बेटी थी। वही मंजू जशपुर जिले की फरसाबहार अंगिरा निवासी मंजू चौहान की शादी बरजोर कांसाबेल में हुई थी। मृतिका का भी 5 साल का एक बेटा था। मृतक अपने गांव गेरसा में रहकर खेती किसानी के साथ मेहनत मजदूरी करता था।वही मृतिका का फूलों का व्यवसाय था। वह खेतो में गेंदे के फूल उगाकर उसे उड़ीसा एवं छत्तीसगढ़ में बेचा करती थी। इस सिलसिले में उसका लोगो से मिलना जुलना लगा रहता था। इसी दौरान वह जयभान के संपर्क में आई और दोनों के बीच प्रेम हो गया। जिसके बाद दोनों अपनी बसी बसाई गृहस्थी छोड़कर एक दूसरे के साथ रहने लगे। विगत 9 माह से एक साथ रहते हुए दोनों अलग अलग शहरों में काम करते थे। जिसकी वजह से मंजू का फूलों का व्यवसाय बंद हो गया था। काम की तलाश में इधर उधर भटकने के बाद जयभान प्रेमिका संग अपने घर ग्राम गेरसा आ गए थे। जहाँ वह अपनी पत्नी बच्चे और प्रेमिका के साथ रह रहा था। घटना से दो दिन पहले जयभान की पत्नी अपनी बीमार माँ को देखने अपने मायके ग्राम पेंट आई हुई थी। इसी बीच उसके जयभान ने अपनी प्रेमिका संग पेड़ में फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल दोनों ने किन कारणों से आत्महत्या की है। इस सवाल का जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।

Random Image