महासमुंद. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वाहन पर आज होने वाली प्रेसवार्ता में उस समय अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. जब पत्रकारों की मौजूदगी में ही स्थानीय कांग्रेस नेता आपस में ही भीड़ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गए. जिसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ. दोनों ही पक्ष कोतवाली पहुंचे. इधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव का कहना है कि इस घटना की विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कार्यालय को भेजी जाएगी.
गौरतलब है कि, पेट्रोल, कामर्शियल गैस सिलेंडर के मूल्यों में वृद्धि को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वाहन पर सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाना था. इसी के तहत महासमुंद के राजीव भवन में भी प्रेसवार्ता आयोजित की गई थी. जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष निर्मल जैन और उपाध्यक्ष विजय साव के बीच कांग्रेसजनों की उपस्थिति को लेकर विवाद हो गया.
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा की प्रेसवार्ता में मारपीट शुरू हो गई. दोनों पक्षों ने जमकर हवा में कुर्सियां भी भांजी. वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बीच-बचाव के बाद मामला किसी प्रकार से शांत हुआ और दोनों ही पक्ष कोतवाली थाने पहुंचे. लिखित शिकायत देकर कार्यवाही की मांग की है. इधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने की बाद कही है.
