
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा ने अपने प्रदेश पदाधिकारियों की नई टीम का ऐलान कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कुल 47 पदों पर नियुक्तियां की हैं। इस सूची में पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रमुखों से लेकर प्रवक्ताओं और संयोजकों तक के नाम शामिल हैं।
घोषित सूची के अनुसार, 8 नेताओं को उपाध्यक्ष, 3 को महामंत्री और 8 को मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा एक कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय मंत्री और एक सह कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। संतोष पांडे को मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है, जबकि 12 प्रवक्ताओं की टीम भी गठित की गई है।
मोर्चों के पदाधिकारियों में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगीराज, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, ओबीसी मोर्चा के अशोक साहू, किसान मोर्चा के आलोक सिंह ठाकुर, अनुसूचित जाति मोर्चा के सनम जांगड़े, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के सत्यनारायण सिंह और अल्पसंख्यक मोर्चा के मखमूर इकबाल खान का नाम शामिल है।
इसके अलावा प्रकोष्ठ संयोजक अवधेश सिंह चंदेल, सह संयोजक चुन्नीलाल साहू, मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी और आईटी संयोजक सुनील पिल्लई को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा का कहना है कि यह टीम आगामी राजनीतिक अभियानों और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगी।