रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर क्षेत्र में स्थित बिलासपुर जलाशय का एक पुराना और जर्जर गेट आधी रात अचानक टूट गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते जलाशय में पानी का दबाव बढ़ गया और कमजोर हो चुका गेट इस दबाव को सहन नहीं कर पाया, जिसके बाद वह भरभराकर टूट गया.
गेट टूटते ही जलाशय का पानी तेज रफ्तार से बाहर निकलने लगा और देखते ही देखते रायगढ़-खरसिया मार्ग (एनएच-49) पर सैलाब जैसी स्थिति बन गई. सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और हाईवे किसी उफनती नदी जैसा नजर आने लगा. पानी का बहाव इतना तेज था कि आसपास के खेत भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है.
घटना की सूचना मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई. अधिकारी हालात पर काबू पाने और जलाशय से हो रहे पानी के रिसाव को रोकने की कोशिश में जुटे हुए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बिलासपुर जलाशय जिले के लिए बेहद अहम माना जाता है, जो किसानों को सिंचाई और आसपास के गांवों को पेयजल उपलब्ध कराता है. हालांकि, लंबे समय से इसकी संरचनात्मक स्थिति को लेकर सवाल उठते रहे हैं. स्थानीय प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा पहले भी गेट की मरम्मत और सुरक्षा उपायों की सिफारिश की गई थी, लेकिन समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण अब यह बड़ी घटना सामने आई है.
