अम्बिकापुर. सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में अम्बिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 एक बार फिर लापरवाही का गवाह बना, जहां बिना संकेतक खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक युवक की जान ले ली. नवापारा के पास हुए इस भीषण हादसे में 28 वर्षीय चरणदास, निवासी ग्राम महेशपुर (सीतापुर), की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, चरणदास बीते छह वर्षों से अपनी पत्नी के साथ ग्राम जजगा में रह रहा था. 22 मार्च की रात वह अपने ससुर को लेने बाइक से मंदिर गया था, लेकिन उनके व्यस्त होने पर वह नवापारा की ओर निकल गया. रात करीब 8 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी नवापारा घाट के नीचे हाईवे पर गलत तरीके से बिना किसी संकेतक के खड़े ईंट से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी बाइक सीधे जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल लखनपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद लखनपुर पुलिस ने 23 मार्च को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया. ग्राम जजगा निवासी केवली बाई की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर बिना किसी चेतावनी संकेत के ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी करना इस हादसे की बड़ी वजह बन सकता है. नेशनल हाईवे पर इस तरह की लापरवाही लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रही है. पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है.
