जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने रविवार सुबह सन्नाटा फैला दिया, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल खड़े पानी टैंकर से जा टकराई और युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा पत्थलगांव थाना क्षेत्र के तमता-डूमरबहार मुख्य मार्ग पर पंडरीपानी के पास हुआ.
पुलिस के अनुसार सड़क किनारे एक पानी टैंकर खड़ा था, जिसे मकान निर्माण कार्य के लिए लाया गया था. इसी दौरान तमता से डूमरबहार की ओर जा रहा मोटरसाइकिल सवार युवक तीखे मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और सीधे टैंकर से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक टैंकर के भीतर जा घुसी और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
