रायगढ़। जिले में मवेशी तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने मंगलवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 गौवंश बरामद किए हैं, जिन्हें अवैध रूप से ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार थाना लैलूंगा पुलिस को 17 फरवरी की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमापाली से झगरपुर मार्ग के जरिए मवेशियों को ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और ग्राम झगरपुर के पास मुख्य सड़क पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम देवानंद यादव पिता मनधरो यादव (32 वर्ष), निवासी ग्राम आमापाली थाना लैलूंगा बताया। आरोपी के पास से 16 गौवंश बरामद किए गए। जब पुलिस ने मवेशियों के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह राहुल खान नामक तस्कर के साथ मिलकर मवेशियों को ओडिशा के बूचड़खाने ले जा रहा था। पुलिस ने मामले में आरोपी देवानंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि राहुल खान की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस द्वारा बरामद गौवंश का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया और चारा-पानी की समुचित व्यवस्था के लिए उन्हें सलखिया गौशाला भेजा गया है।
मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी हाल में गौवंश की तस्करी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत तस्करों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
