महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित खल्लारी माता मंदिर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर ले जा रहा रोप-वे अचानक टूटकर नीचे गिर गया. नवरात्रि के चलते मंदिर में भारी भीड़ के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इसी दौरान रोप-वे की दो ट्रॉलियां यात्रियों को लेकर ऊपर जा रही थीं, तभी अचानक नियंत्रण बिगड़ने से वे नीचे जमीन पर आ गिरीं. हादसा इतना भयावह था कि रायपुर निवासी 28 वर्षीय आयुषी सतकर की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कई अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई.
इस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और एक श्रद्धालु की मृत्यु से वे बेहद व्यथित हैं. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
