महासमुंद। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने तरबूज के नीचे छिपाकर गांजा परिवहन कर रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 2 क्विंटल 25 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
मामला उस समय सामने आया जब पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक पिकअप वाहन में गांजा लाया जा रहा है और उसकी पायलटिंग एक कार द्वारा की जा रही है। सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग 53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक ह्युंडई ऑरा कार और उसके पीछे आ रही पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान पिकअप वाहन में तरबूज के नीचे प्लास्टिक बोरियों में छुपाकर गांजा रखा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह खेप ओडिशा के संबलपुर से उत्तरप्रदेश के चित्रकूट ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से चार आरोपी उत्तरप्रदेश और दो आरोपी मध्यप्रदेश के निवासी को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन (कीमत 5 लाख रुपये), पायलटिंग में इस्तेमाल कार (कीमत 7 लाख रुपये) और 6 मोबाइल फोन (कीमत 70 हजार रुपये) जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है, वहीं पुलिस इस नेटवर्क के सोर्स और डेस्टिनेशन पॉइंट की गहन जांच में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
