
अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 2025 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में सरगुजा जिले के सीतापुर नगर की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित किया।
सीतापुर नगर के चाइल्ड एजुकेशन सेंटर और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, देवगढ़ की छात्राओं ने बेहतरीन अंक प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत, समर्पण और लगन से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।
चाइल्ड एजुकेशन सेंटर की बेटियों ने लहराया परचम
हाईस्कूल परीक्षा में संस्था की छात्राएं टॉपर रही:-
श्वेता गुप्ता – 94.85%
आलिया – 94.4%
अंशिका एक्का – 92%
अंजली – 88%
दीप किंडो – 86%
स्वामी मिंज – 85%
इस शिक्षा सत्र में इस संस्थान के 12 छात्र प्रयास आवासीय विद्यालय में चयनित होकर पूर्व में ही अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। संस्था के प्राचार्य मोहम्मद शादाब शानू ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्वामी आत्मानंद विद्यालय देवगढ़ की छात्राओं की चमकती कामयाबी
वसीमा नुसरत, वाणिज्य संकाय में 92.4% अंक अर्जित कर टॉपर बनीं। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली वसीमा ने बताया कि वो भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित पढ़ाई को दिया।
इसी विद्यालय की एक और छात्रा साक्षी प्रधान ने 90.6% अंक हासिल किए। सेवा की भावना से प्रेरित साक्षी भविष्य में सिविल सेवा में जाना चाहती हैं।
वहीं, हाईस्कूल परीक्षा में अव्या गुप्ता ने 95.5% अंक अर्जित कर संस्था का नाम रोशन किया। डॉक्टर बनने का सपना संजोए अव्या ने बताया कि उन्होंने कभी पढ़ाई को बोझ नहीं माना। एक निर्धारित समय-सारणी के अनुसार अध्ययन कर सफलता प्राप्त की।
बेटियों की यह उड़ान बनी प्रेरणा
इन बेटियों की मेहनत और सफलता न केवल परिवार और संस्थान के लिए गर्व की बात है, बल्कि क्षेत्र की अन्य छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह परिणाम दर्शाते हैं कि अगर संकल्प मजबूत हो तो हर मंज़िल हासिल की जा सकती है।