धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत हटकेशर वार्ड निवासी आदतन बदमाश कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू को जिला बदर कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी धमतरी द्वारा पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर यह कार्रवाई की गई, जिसके तहत आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए धमतरी सहित कुल छह जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया गया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी को धमतरी के अलावा रायपुर, बालोद, कांकेर, गरियाबंद, दुर्ग और कोंडागांव जिलों में प्रवेश से प्रतिबंधित किया गया है। वर्ष 2018 से सिटी कोतवाली धमतरी में दर्ज मामलों के अनुसार आरोपी पर मारपीट, जान से मारने की धमकी, लूट, डकैती, अवैध कब्जा, हथियार के बल पर भय फैलाने और मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहने के आरोप हैं।
लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते क्षेत्र में दहशत और असुरक्षा का माहौल बनने तथा युवाओं को नशे की ओर प्रेरित करने की शिकायतें भी सामने आई थीं। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए यह कड़ा कदम उठाया है। धमतरी जिले में अब तक वर्ष 2025 में 10 आदतन अपराधियों को जिला बदर किया जा चुका है, जिससे स्पष्ट है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अभियान लगातार जारी है।
