जांजगीर-चांपा. एसीबी बिलासपुर द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार (4 फरवरी 2026) को एक बड़ी कार्रवाई की गई. जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ तहसील में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और चोरभट्टी हल्का पटवारी आयुष कुमार ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, धान उपार्जन केंद्र चोरभट्टी के प्रभारी धीरेन्द्र कुमार कौशिक ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर द्वारा पूर्व में धान उपार्जन केंद्र उच्चभट्ठी का निरीक्षण किया गया था. जहां धान खरीदी कार्य में अनियमितता बताकर पंचनामा तैयार किया गया. इसके बाद उच्च अधिकारियों को नकारात्मक रिपोर्ट न भेजने के एवज में 30 से 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई.
शिकायतकर्ता के अनुसार, अतिरिक्त तहसीलदार ने मौके पर मौजूद पटवारी आयुष कुमार ध्रुव से अलग से बात करने के लिए कहा. जिसके बाद पटवारी ने भी मैडम द्वारा मांगी गई रकम देने और अपने लिए भी कुछ पैसे की व्यवस्था करने की बात कही. शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी से संपर्क कर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़वाने का निर्णय लिया. एसीबी की योजना के तहत आज ट्रैप कार्रवाई की गई. जिसमें 35 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई और दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल एसीबी द्वारा आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
