ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ किसान, फोन पे कैशबैक के लालच में गवाएं 84 हजार



बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी इलाके में किसान को फोन पे में 42 सौ रुपए का कैशबैक दिलाने का झांसा देकर 84 हजार की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। किसान ने मामले की शिकायत पचपेड़ी थाना में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

दरअसल, पचपेड़ी निवासी घनश्याम खोटे (42 वर्ष) ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि 30 जुलाई को उनके मोबाइल फोन पे में 42 सौ रूपए के कैश बैक का नोटिफिकेशन आया। इसके साथ ही एक लिंक आया। इसमें दो मोबाइल नंबर से कॉल आया। फोन करने वालों ने उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा। इसको ओपन करने पर 42 सौ रुपए की मांग की गई। कैशबैक के साथ ही उनकी रकम वापस करने कहा गया। इस पर किसान ने बताए खाते पर 42 सौ रुपए भेज दिए।

इसके बाद उनसे अलग-अलग बहानों से आठ बार में 84 हजार रुपए ले लिए गए। इसके बाद भी उनसे रकम की मांग की गई। मना करने पर रुपए वापस नहीं होने की बात कही गई। धोखाधड़ी की आशंका पर उन्होंने इसकी शिकायत पचपेड़ी थाने में की गई। इसके बाद आरोपित के मोबाइल बंद हो गए। मामले की जांच के बाद पचपेड़ी पुलिस ने धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर लिया है।