Chhattisgarh News: अस्पताल में डॉक्टर की शर्मनाक हरकत, नर्स से की छेड़छाड़; शिकायत पर पुलिस ने लिया एक्शन


Bilaspur News: छत्तीसगढ़ में बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थानाक्षेत्र स्थित निजी अस्पताल के डॉक्टर ने ड्यूटी पर मौजूद नर्स से छेड़खानी की। इसका विरोध करने पर उसने नर्स को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। जांच के बाद पुलिस ने आरोपित डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मुंगेली जिले में रहने वाली 26 वर्षीय युवती सिविल लाइन क्षेत्र के निजी अस्पताल में नर्स है।

उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि ड्यूटी के दौरान डॉक्टर जयप्रकाश देवांगन आए दिन छेड़खानी करता है। इसका विरोध करने पर वह धमकी देता है। रविवार को नर्स की ड्यूटी केजुअल्टी वार्ड में थी। कमरे में वह अकेले काम कर रही थी। दोपहर एक से दो बजे के बीच डॉक्टर वहां पहुंचा। नर्स को अकेले देखकर उसने छेड़खानी शुरू कर दी।

इसका विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी देकर नर्स से गलत हरकतें की। किसी तरह कमरे से भगाकर नर्स ने इसकी जानकारी सिविल लाइन थाने में दी। नर्स की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। इधर नर्स द्वारा घटना की शिकायत करने की जानकारी मिलने पर आरोपित डॉक्टर अपने ठिकाने से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने आरोपित डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।