अम्बिकापुर. सरगुजा जिले में भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दरिमा तहसील में पदस्थ एक कर्मचारी ने खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो से जुड़ा बताकर शिक्षा विभाग के लिपिक से लाखों रुपये की रिश्वत मांग डाली. आरोपी ने कार्रवाई से बचाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की मांग की थी.
मामले में कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने घेराबंदी कर अम्बिकापुर के घड़ी चौक पर आरोपी अनिल कुमार गुप्ता को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी दरिमा तहसील में लिपिक के पद पर कार्यरत है.
जानकारी के मुताबिक, अम्बिकापुर जिला शिक्षा कार्यालय में पदस्थ लिपिक अखिलेश सोनी को आरोपी ने अपनी कथित पहुंच और ACB से संबंध का डर दिखाकर झांसे में लिया. उसने कहा कि यदि रकम नहीं दी गई तो एंटी करप्शन की कार्रवाई करवा दी जाएगी. इस दबाव में आकर पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की.
शिकायत मिलते ही ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लिए, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
फिलहाल एंटी करप्शन ब्यूरो आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तरह की ठगी और वसूली में और कौन-कौन शामिल हैं.
