रायपुर। राज्य सरकार ने प्रवासी मजदूरों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़ी राहत देने का फैसला लिया है। अब उन्हें 5 किलो का फ्री ट्रेड एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि योजना का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंच सके।
जारी निर्देशों के मुताबिक, पात्र प्रवासी मजदूरों को यह गैस सिलेंडर संबंधित एलपीजी वितरकों के वितरण केंद्रों से मिलेगा। इसके लिए हितग्राहियों को आधार कार्ड (सहमति के साथ) और श्रम विभाग का पंजीयन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद नए कनेक्शन के साथ रिफिल सिलेंडर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मजदूरों को तुरंत लाभ मिल सके।
योजना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एलपीजी वितरकों को प्रतिदिन स्टॉक, बिक्री और शेष सिलेंडरों का पूरा रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन समय-समय पर इन अभिलेखों का निरीक्षण करेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाई जा सके।
साथ ही, सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए जिला प्रशासन को सख्त निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। राज्य सरकार ने कलेक्टरों से कहा है कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक प्रवासी मजदूर इस सुविधा का लाभ उठा सकें और उनकी रसोई की चिंता कम हो सके।
