रायपुर। छत्तीसगढ़ और झारखंड के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब तक स्पेशल के रूप में चल रही हटिया-दुर्ग स्पेशल ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस का दर्जा दे दिया गया है। यह ट्रेन 2 अप्रैल 2026 से हटिया और 3 अप्रैल 2026 से दुर्ग से हर सप्ताह दो दिन नियमित रूप से संचालित होगी। रेलवे के इस फैसले से इस रूट पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
नई व्यवस्था के अनुसार, गाड़ी संख्या 18641 हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस हर मंगलवार और गुरुवार को रात 8 बजे हटिया से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वहीं 18642 दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस हर बुधवार और शुक्रवार को शाम 7:35 बजे दुर्ग से निकलकर अगले दिन सुबह 7:15 बजे हटिया पहुंचेगी। यह ट्रेन रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा और राउरकेला समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए रेलवे ने इसे नियमित करने का निर्णय लिया है। इस एक्सप्रेस ट्रेन में प्रथम एसी (1A), द्वितीय एसी (2A), तृतीय एसी (3A) और स्लीपर (SL) कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
