भानू प्रकाश दीक्षित बने बलरामपुर महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष, छात्रों में नई उम्मीदें

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय नवीन महाविद्यालय बलरामपुर की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पद पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भानू प्रकाश दीक्षित को मनोनीत किया है। वे अब महाविद्यालय के उन्नयन के लिए गठित इस समिति की जिम्मेदारियों का वहन अध्यक्ष के रूप में करेंगे।

Random Image

भानू प्रकाश दीक्षित ने भारतीय सेना में सेवा देने के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला प्रचार-प्रसार मंत्री के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने के बाद, वे युवा मोर्चा के जिला महामंत्री, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष और वर्तमान में किसान मोर्चा जिला महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

इससे पहले भी, रमन सिंह सरकार के समय, वे इस महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष की भूमिका निभा चुके हैं। युवाओं के बीच खेल गतिविधियों में उनकी सक्रियता के कारण वे विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।

उनके इस मनोनयन से महाविद्यालय के शिक्षण स्तर और कैंपस में बेहतर माहौल बनने की उम्मीद छात्र-छात्राएं कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय की प्रगति को नई ऊंचाइयां मिलने की संभावना है।