अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले युवा कांग्रेस नेताओं द्वारा देर रात गुपचुप तरीके से प्रतिमा का अनावरण कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं ने रात के अंधेरे में नारियल फोड़कर और माल्यार्पण कर प्रतीकात्मक रूप से अनावरण किया, जबकि आधिकारिक कार्यक्रम में खुद मुख्यमंत्री इस प्रतिमा का लोकार्पण करने वाले थे।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम कमिश्नर और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। नगर निगम प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए इसे नियमों के विरुद्ध कार्रवाई बताया है। कमिश्नर ने साफ कहा कि यह कृत्य प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ प्रतिमा का अपमान भी है, और इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, युवा कांग्रेस ने नगर निगम पर पक्षपात का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा नेता स्वर्गीय रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं, जबकि शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की लगातार अनदेखी की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रतिमा स्थल पर आवश्यक तैयारियां तक नहीं की गईं, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
गौरतलब है कि आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अंबिकापुर में स्वर्गीय रविशंकर त्रिपाठी और शहीद चंद्रशेखर आजाद, दोनों की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण करने वाले हैं। लेकिन इससे पहले हुए इस घटनाक्रम ने शहर का सियासी माहौल गरमा दिया है और प्रशासनिक सख्ती के संकेत भी साफ नजर आ रहे हैं।
