Surguja News: तीन सूत्रीय मांगों को लेकर रसोइया करेंगे आंदोलन


सीतापुर (फटाफट न्यूज) | अनिल उपाध्याय

Surguja: शासकीय कर्मचारी का दर्जा देने समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश स्कूल मध्यान्ह भोजन रसोइया कल्याण संघ के आह्वान पर रसोइया एवं सहायिका अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान संघ की ब्लॉक अध्यक्ष बेलासो ने बताया कि हमारी तीन प्रमुख माँगे है। हमे कलेक्टर दर पर वेतन दिया जाए, निकाले गए रसोइयों को वापस लिया जाए एवं हमे शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इस संबंध में हमारे संघ द्वारा इस समस्या के निराकरण के लिए समय-समय पर धरना प्रदर्शन, पत्राचार एवं चर्चा के माध्यम से कई बार सरकार का ध्यानाकर्षण कराया गया।

उन्होंने आगे बताया कि इसके बाद भी सरकार हमारी माँगो पर कभी गंभीरता से ध्यान नही दिया। मौजूदा समय मे सरकार द्वारा रसोइयों एवं सहायिकाओं को जो मानदेय दिया जा रहा है। उसके बलबूते पर जीवन निर्वाह कर पाना बहुत मुश्किल है। इस बारे में सरकार को विचार करना चाहिए लेकिन सरकार इस पर ध्यान देने के बजाए उदासीन बनी बैठी है। जिसकी वजह से मजबूर होकर मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को बाध्य है। आंदोलन शुरू होने के बाद जब तक सरकार हमारी माँग नही मानती तब तक यह आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। बैठक में भारी संख्या में रसोइया एवं सहायिका उपस्थित थे।