Mainpat Mahotsav 2024: मैनपाट महोत्सव के आयोजन के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों की ली बैठक, सौंपे गए दायित्व

अम्बिकापुर. Mainpat Mahotsav 2024: सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मैनपाट महोत्सव 2024 के आयोजन के लिए समन्वय बैठक रखी गई। विगत वर्षो की भांति इस वर्ष भी मैनपाट महोत्सव 2024 का आयोजन फरवरी के प्रथम सप्ताह में रोपाखार जलाशय के समीप किया जाना है। मैनपाट महोत्सव की आवश्यक तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। कलेक्टर श्री भोस्कर ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक समन्वय बनाते हुए अपनें दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी आयुक्त नगर पालिक निगम अम्बिकापुर अभिषेक कुमार, एवं प्रभारी अधिकारी, सहायक नोडल मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नूतन कुमार कंवर को बनाया गया है। इसके साथ ही सहायक प्रभारी अधिकारी अपर कलेक्टर सुनील नायक, अनुविभागीय दण्डाधिकारी (राजस्व) सीतापुर रवि राही, एवं प्रभारी अधिकारी पर्यटन मोहन साहू होंगे।

कलेक्टर ने कहा है कि सभी संबंधित अधिकारी कार्यक्रम के एक दिवस पूर्व सौंपे गये कार्यो के संबंध में पूर्णता प्रमाण पत्र आयुक्त, नगर पालिक निगम अम्बिकापुर को प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के आयोजन के लिए पार्किंग, रूट चार्ट, कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था सहित विद्युत, पेयजल आदि विभिन्न व्यवस्थाएं, कलाकारों की व्यवस्था, आवागमन एवं बस व्यवस्था, एडवेंचर स्पोर्ट्स एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए हैं।